जींद : दोस्त के सिर में ईंट मारकर हत्या करने के दो आरोपित गिरफ्तार
जींद, 14 जून (हि.स.)। गांव अलेवा में शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी में दोस्त के में ईंट मार कर हत्या करने के दो आरोपितों को अलेवा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
अलेवा निवासी मनदीप ने 13 जून को अलेवा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका 40 वर्षीय भाई कुलदीप शुक्रवार रात को घर पर नहीं आया। शनिवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि उसके भाई का शव गांव के ही शिरड़ी मंदिर के पास पड़ा है। जब उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो उसके भाई के सिर में गहरी चोट लगी हुई थी और आसपास खून बिखरा हुआ था। इसके अलावा उसके भाई के शव के पास एक ईंट भी खून में सनी पड़ी थी। मनदीप ने आरोप लगाया कि गांव के ही दीपक व जोगेंद्र ने उसके भाई कुलदीप के साथ शराब पी और शराब पीने के दौरान कहासुनी हो गई। जिसके चलते दोनों ने उसके भाई के सिर में ईंट मार कर हत्या कर दी। अलेवा थाना के जांच अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने रविवार को बताया कि मृतक के भाई मनदीप ने दो लोगों पर उसके भाई की हत्या करने के आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। जिस पर पुलिस ने जोगेंद्र व दीपक पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। वारदात के बाद दोनों फरार थे। पुलिस ने दोनों को उनके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा