हिसार : विद्यार्थियों को भविष्य के लिए सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाना ही उद्देश्य : प्रो. नरसी राम बिश्नोई
विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाती करियर
संबंधी सही जानकारी : डॉ. मोनिका सैनी
गुजविप्रौवि में ‘केरियर काउंसलिंग 2026’ कार्यक्रम
शुरू
हिसार, 11 मई (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान
एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को उनके केरियर से संबंधित मार्गदर्शन
व जानकारी देने के लिए विशेष पहल की गई है। विश्वविद्यालय में सोमवार से ‘एक्सप्लोर
यूअर फ्यूचर/गुजविप्रौवि: केरियर काउंसलिंग 2026’ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ है। विश्वविद्यालय
के करियर काउंसलिंग सेल के सौजन्य से यह कार्यक्रम 15 मई तक चलेगा। आगंतुक विद्यार्थियों
को विश्वविद्यालय के सीआरएस ऑडिटोरियम, सेमिनार हॉल-1 में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से
दोपहर 1ः बजे तक विभिन्न विषय विशेषज्ञों द्वारा उनके केरियर से संबंधित जानकारियां
दी जाएंगी।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई
ने अपने संदेश में कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री
प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य के लिए सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने
कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही दिशा में निर्णय लेने तथा अपने लक्ष्य निर्धारित
करने में सहायता प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजकों को इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए
शुभकामनाएं दी।
करियर काउंसलिंग सेल की निदेशक डॉ. मोनिका सैनी
ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य 12वीं, डिप्लोमा एवं यूजी विद्यार्थियों को उच्च
शिक्षा, करियर विकल्पों एवं भविष्य की संभावनाओं के संबंध में उचित मार्गदर्शन प्रदान
करना है। उप निदेशक डॉ. उस्मान अली ने बताया कि विद्यालयों
एवं अकादमियों के विद्यार्थियों को कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया
है, ताकि वे अपने करियर से संबंधित सही मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि
विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, सुविधाओं तथा रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रमों
की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों, अकादमियों
तथा शैक्षणिक संस्थानों से आए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न
पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। विद्यार्थियों को बी.टेक., एम.टेक.,
एमबीए, एमसीए, बी.कॉम., एम.कॉम., बी.फार्मा, एम.फार्मा, बीएससी., एमएससी, बीए, बीएड
तथा बीएएलएलबी सहित अन्य पाठ्यक्रमों एवं रोजगारोन्मुख अवसरों के बारे में अवगत कराया
गया। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का पंजीकरण शुल्क नहीं रखा गया है
तथा सभी विद्यार्थियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर