पलवल में प्रशासन ने 11 एकड़ क्षेत्र में अवैध निर्माण ढहाए
पलवल, 11 अप्रैल (हि.स.)। जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक स्तर पर तोड़फोड़ अभियान चलाया। नगर योजनाकार विभाग की टीम ने आल्हापुर गांव और पलवल-नूंह मार्ग पर विकसित अवैध कॉलोनियों में कार्रवाई करते हुए करीब 11 एकड़ क्षेत्र को कब्जा मुक्त कराया।
मिली जानकारी के अनुसार आल्हापुर गांव की राजस्व भूमि में अवैध रूप से विकसित कॉलोनियों पर कार्रवाई करते हुए करीब पांच एकड़ क्षेत्र में बने निर्माणों को हटाया गया। इस दौरान कई अधूरे ढांचे, बाउंड्री दीवारें, मकान और एक प्रॉपर्टी कार्यालय को ध्वस्त किया गया। पूरी कार्रवाई जिला नगर योजनाकार अनिल मलिक की निगरानी में की गई।
इसके अलावा पलवल-नूंह मार्ग पर विकसित अवैध कॉलोनियों पर भी प्रशासन का बुलडोजर चला। यहां करीब छह एकड़ क्षेत्र में बनाए गए ढांचे, सड़कें और बाउंड्री दीवारों को तोड़ा गया। इस अभियान में जिला प्रशासन का सहयोग भी लिया गया, जिससे कार्रवाई सुचारु रूप से पूरी हो सकी।
यह अभियान शहरी क्षेत्र अधिनियम-1975 के तहत चलाया गया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट, नगर योजनाकार विभाग की टीम और पुलिस बल मौजूद रहा, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिला नगर योजनाकार अनिल मलिक ने शनिवार स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमों के विरुद्ध कॉलोनियां विकसित करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग