जींद: महिलाओं को नशीला पदार्थ पिलाकर जेवरात चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार
जींद, 15 अप्रैल (हि.स.)। महिलाओं को नशीला पदार्थ खिलाकर चोरी करने की आरोपित महिला हिसार जिले के गांव लुदास निवासी ऊषा को डिटेक्टिव स्टाफ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित महिला ने अब तक दो घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महिला को जींद से ही गिरफ्तार किया है। उसे अदालत में पेश कर पुलिस ने एक दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपित महिला के कब्जे से पुलिस चोरी किए गए जेवरात बरामद करेगी।
डीएसपी हेडक्वार्टर ऋषभ सोढ़ी ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 11 अप्रैल को आरोपित महिला ने कृष्णा कालोनी निवासी महिला सोनिया को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके जेवरात चोरी कर लिए थे। इसके बाद 13 अप्रैल को इसी महिला ने तांगा चौक पर स्थित जय अम्बे लैस दुकान की संचालिका सुषमा सैनी को पहले बातों में उलझाया, उसके बाद उसे नशीला पदार्थ पिला दिया और उसके जेवरात चोरी करके फरार हो गई। उन्होंने बताया कि मामला डिटेक्टिव स्टाफ के इंचार्ज मनीष कुमार को सौंपा था। सीसीटीवी फुटेज में महिला की फोटो कैद हो गई। पुलिस ने इस फोटो के आधार व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपित महिला 50 वर्षीय ऊषा को मंगलवार शाम को गिरफ्तार कर लिया। ऊषा मूल रूप से हिसार जिले के गांव लुदास की रहने वाली है, लेकिन पिछले 13 सालों से जींद के विकास नगर में अपने बच्चों के साथ रहती है। वह अपने तीन लडक़ों व दो लड़कियों के साथ अपने पति से अलग रहती है।
पुलिस ने आरोपित महिला को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। डिटेक्टिव इंचार्ज मनीष कुमार ने बताया कि आरोपित महिला से रिमांड के दौरान चोरी किए गए जेवरात बरामद किए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा