जींद :अवैध पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस के साथ रोहतक का युवक गिरफ्तार

 


जींद, 24 नवंबर (हि.स.)। एवीटी स्टाफ जींद ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नया गोहाना रोड स्थित पुल के नीचे से एक युवक को अवैध पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रोहतक जिले के गांव सैमाण निवासी योगेश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना सिविल लाइन में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

एवीटी स्टाफ प्रभारी उपनिरीक्षक यशवीर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम अपराधों की रोकथाम और गश्त के लिए जींद क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि नया गोहाना रोड स्थित पुल के नीचे एक युवक अवैध हथियार लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिये के आधार पर युवक को काबू कर लिया।

तलाशी लेने पर आरोपी के पास एक देसी पिस्तौल बरामद हुई। जांच करने पर पिस्तौल में .30 बोर के दो जिंदा कारतूस लोड मिले। पुलिस ने आरोपी से हथियार का लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पिस्तौल और दोनों कारतूस कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जींद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध हथियार रखने या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा