जींद : सड़क हादसे में जूडो के राष्ट्रीय खिलाड़ी की मौत
जींद, 16 मई (हि.स.)। जींद-गोहाना ग्रीन फिल्ड हाइवे पर ट्रक तथा कार के बीच हुई भिडंत में जूडो के राष्ट्रीय खिलाड़ी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने मृतक पिता की शिकायत पर फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव जौरासी (पानीपत) निवासी 24 वर्षीय नरेश शनिवार को कार में सवार होकर जींद-गोहाना ग्रीन फिल्ड नेशनल हाईवे से कार्यवश जीद आ रहा था। गांव चाबरी टोल प्लाजा से निकलते ही आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे ट्रक के पीछे जा घुसी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि नरेश बुरी तरह कार में फंस गया। जिसे राहगीरों ने कड़ी मशक्त के बाद बाहर निकाला। घटना को अंजाम देकर ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने गंभीर हालात मे नरेश का नागरिक अस्पातल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने नरेश को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पाकर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। मृतक के पिता रोहताश ने बताया कि नरेश जूडो का राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी था। वह लेबनान, एशियन चैंपियन कॉमनवैल्थ चैंपियनशीप में मेडल जीते तथा चार बार राष्ट्रीय चैंपियनशीप मेडल जीत चुका था। मृतक नरेश पांच भाई व बहनों में सबसे छोटा था। पिल्लूखेड़ा थाना के जांच अधिकारी विजेंद्र ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता रोहताश की शिकायत पर फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा