जींद : रोडवेज बस की टक्कर से नेपाली मजदूर की मौत
जींद, 15 मई (हि.स.)। उचाना खंड के गांव छात्तर के निकट गुरूवार को रोडवेज बस की चपेट में आने से नेपाली मजदूर की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया। पुलिस ने ने मृतक मजदूर के चाचा की शिकायत पर फरार बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।
गांव दांग जिला तुलसीपुर नेपाल निवासी बैगम थापा गांव छात्तर के निकट जेडी फीड में मजदूरी करता था। गुरूवार शाम को बैगम थापा राशन लेने के लिए पैदल गांव छात्तर जा रहा था। उसी दौरान गांव थुआ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी। जिसमें बैगम थापा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देकर चालक बस समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने उसे उचाना नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। मृतक के चाचा चंद्र थापा ने पुलिस को बताया कि उसकी भतीजा बैगम उसके साथ मिल में चौकीदारी करता था। देर शाम को वह राशन लेने के लिए गांव जा रहा था। उसी दौरान तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी। जिसमें उसके भतीजे बैगम की मौत हो गई। उचाना थाना पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर फरार रोडवेज बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा