जींद : परिवहन समिति बस तथा गाड़ी के बीच भिडंत में आधा दर्जन यात्री घायल
जींद, 03 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव बुढ़ाखेड़ा के निकट परिवहन समिति की बस तथा लिजेंडर गाड़ी के बीच टक्कर हो गई। इससे बस में सवार आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना सफीदों पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घायलों को निजी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। सदर थाना सफीदों पुलिस मामले जांच कर रही है।
परिवहन समिति की बस शुक्रवार सफीदों से जींद की तरफ आ रही थी। गांव बुढ़ाखेडा के निकट जींद-सफीदों मार्ग पर सफीदों की तरफ जा रही लिजेंडर गाड़ी से भिड़ंत हो गई जिसमें लिजेंडर गाड़ी में सवार मां व बेटा बाल-बाल बच गए जबकि बस में सवार आधा दर्जन यात्रियों को चोटें आई। उन्हें उपचार के लिए लोग अपने वाहनों से सफीदों तथा जींद के निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए। नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए गए शामली यूपी निवासी घायल आर्यन के भाई शुहब ने बताया कि वे बस में पीछे की सीटों पर बैठे थे। अचानक टक्कर होने के साथ उनके मुंह तथा सिर अगली सीटों से जा टकराए जिसमें उसका भाई आर्यन घायल हो गया।
इसके अलाआ आधा दर्जन अन्य यात्रियों को भी चोटें आई। मौके पर गुजर रहे वाहन चालक घायलों को अपनी गाडियों में ले गए। जब एंबुलेंस पहुंची तो उसका भाई आर्यन अकेला बचा था। फिलहाल सदर थाना सफीदों पुलिस मामले की जांच कर रही है। सदर थाना सफीदों प्रभारी राजेश ने बताया कि बस तथा गाड़ी भिड़ंत की की सूचना मिली थी। हादसे में ज्यादा गंभीर चोटें नहीं आईं हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा