पानीपत: टेक्सटाइल फैक्ट्री में जानबूझ कर आग लगाने का आरोप।
पानीपत, 30 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव डिडवाड़ी स्थित कौशिक टेक्सटाइल में मंगलवार को हुई भीषण आगजनी की घटना ने अब एक नया और विवादित मोड़ ले लिया है। इंडस्ट्री के मालिक ऋषि कौशिक ने इस बारे में सनसनीखेज खुलासा किया है।
ऋषि कौशिक ने गुरुवार काे गांव के ही एक व्यक्ति पर अपनी जमीन हथियाने के चक्कर में इंडस्ट्री को आग के हवाले करने का सीधा आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि वह गांव डिडवाड़ी में साल 2008 से अपनी टेक्सटाइल इंडस्ट्री चला रहे हैं। उनके अनुसार, इंडस्ट्री के ठीक पीछे गांव के ही रहने वाले कृष्ण के खेत हैं, जो हरियाणा रोडवेज से बतौर ड्राइवर रिटायर हुआ है। ऋषि का आरोप है कि पिछले काफी समय से कृष्ण उनकी इंडस्ट्री के बीचों-बीच से अपने खेतों के लिए जबरन रास्ता मांग रहे हैं। कौशिक ने दावा किया कि जिस जमीन को कृष्ण रास्ता बनाने के लिए मांग रहे हैं, उसकी बाजार कीमत करीब 85 लाख रुपए से अधिक है। आरोपी चाहता है कि यह बेशकीमती जमीन उसे मुफ्त में रास्ते के तौर पर दे दी जाए। ऋषि कौशिक ने कहा कि वे अपनी निजी संपत्ति को इस तरह मुफ्त में देने के लिए तैयार नहीं हैं। जिसके चलते आरोपी उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहा है। इंडस्ट्री मालिक ने खुलासा किया कि रास्ता न देने पर कृष्ण पिछले एक साल से उनके वर्करों को धमका रहा है। इतना ही नहीं, वह इंडस्ट्री को बंद करवाने के लिए विभिन्न विभागों में बार-बार शिकायतें दर्ज करवाता है। ऋषि कौशिक के अनुसार, शिकायत मिलने पर कई विभागों की टीमें इंडस्ट्री में रेड (छापामारी) कर चुकी हैं, लेकिन हर बार विभाग की ओर से उन्हें क्लीन चिट मिली है, क्योंकि उनकी इंडस्ट्री पूरी तरह वैध है।उन्होंने बताया कि कृष्ण के खेतों में आने-जाने का रास्ता वर्तमान में काफी घूमकर है। अपनी सुविधा के लिए वह सीधा रास्ता हथियाना चाहता है और इसी जोर-जबरदस्ती के चलते उसने 28 अप्रैल को जानबूझकर इंडस्ट्री में आग लगा दी। आगजनी की घटना में इंडस्ट्री को भारी नुकसान पहुंचा है। ऋषि कौशिक ने बताया कि उन्होंने इस पूरी साजिश और आरोपी कृष्ण के खिलाफ समालखा थाना में लिखित शिकायत दे दी है। उन्होंने दावा किया है कि उनके पास इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि आग लगाई गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर उनके नुकसान की भरपाई करवाई जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी थी या वाकई इसे जानबूझकर लगाया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा