हिसार में क्रिकेट ग्राउंड हत्याकांड में नया मोड़, 2022 की हत्या की गवाही बनी हमले की वजह

 






घायल धर्मबीर के बयान पर केस दर्ज, बोला-नरेश

के साथ था चश्मदीद

गवाही से खतरे में थे आरोपित, इसी रंजिश में बरसाईं

गोलियां

हिसार, 5 अक्टूबर (हि.स.)। कैमरी रोड स्थित बॉक्स

क्रिकेट ग्राउंड में शराब ठेकेदार नरेश की हत्या के मामले में पुलिस ने अब घायल उसके

साथी धर्मबीर के बयान पर केस दर्ज किया है। धर्मबीर ने साेमवार काे पुलिस को दिए बयान में दावा

किया है कि वर्ष 2022 में उसके साथी संदीप उर्फ सेठी की हत्या हुई थी। इस मामले में

नरेश और वह खुद चश्मदीद गवाह थे। धर्मबीर का आरोप है कि उनकी गवाही से आरोपितों को

खतरा था और इसी रंजिश के चलते रविवार रात दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। हमले में

नरेश की मौत हो गई, जबकि धर्मबीर भी तीन गोलियां लगने से घायल है। उधर, फायरिंग में

मारे गए नरेश के शव का सोमवार शाम पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने धर्मबीर के बयान के आधार पर हमलावरों

के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, घायल धर्मबीर का उपचार चल रहा है

और उसकी हालत ऐसी नहीं है कि वह हमलावरों के बारे में अधिक जानकारी दे सके। पुलिस अब

2022 के हत्या मामले से जुड़े पहलुओं को भी खंगाल रही है और यह पता लगाने में जुटी

है कि नरेश और धर्मबीर की गवाही से किन लोगों को खतरा था। रविवार रात क्रिकेट ग्राउंड में बाइक पर आए तीन

नकाबपोश बदमाशों ने नरेश और धर्मबीर पर गोलियां बरसाई थीं। नरेश के माथे, सीने और हाथ

में गोली लगी थी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। धर्मबीर जान बचाने के लिए भागा,

लेकिन बदमाशों ने उसे भी निशाना बनाया और तीन गोलियां लगने से वह घायल होकर गिर गया।

पुलिस के अनुसार मौके से 15 से 16 राउंड फायरिंग के साक्ष्य और जिंदा रौंद बरामद हुए

थे।

वारदात से करीब 20 से 25 मिनट पहले इसी ग्राउंड

पर क्रिकेट मैच हुआ था। मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में आजाद नगर थाना प्रभारी

मनदीप कुमार ने भी हिस्सा लिया था। नरेश ने उनके साथ फोटो भी खिंचवाई थी। इसके कुछ

ही देर बाद बदमाशों ने ग्राउंड में फायरिंग कर दी। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है

कि यह पुलिस टीम का मैच नहीं था, बल्कि वह व्यक्तिगत रूप से मैच खेलने पहुंचे थे। आजाद नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद

हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी

कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ 2022 के संदीप उर्फ सेठी हत्याकांड से जुड़े लोगों

और गवाही के पहलू की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने

वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर