सिरसा: दस नशा तस्कर गिरफ्तार, लाखों रुपये की हेरोइन बरामद
सिरसा, 02 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से दस तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की हेरोइन व चूरापोस्त बरामद किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने कार सवार दो लोगों को आधा किलोग्राम अफीम सहित गांव मौजू की ढाणी, ऐलनाबाद क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। तस्करों की पहचान राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी दयानंद व किशन सिंह के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान मौजू की ढाणी, ऐलनाबाद क्षेत्र में मौजूद थी।
इसी दौरान सामने से आ रही एक कार में सवार युवकों ने पुलिस की गाड़ी देखकर अचानक कार वापस मोडक़र भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर पुलिस टीम ने कार का पीछा किया और उन्हें दबोच लिया। कार की तलाशी लेने पर आधा किलो ग्राम अफीम बरामद हुई। रोड़ी थाना पुलिस ने 18 ग्राम हेरोइन सहित बाइक सवार दो आरोपियों पाला सिंह व गगनदीप सिंह गांव रोड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
इसके अलावा पुलिस ने गांव भावदीन क्षेत्र से एक महिला को आधा किलो ग्राम चूरापोस्त सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान परमजीत कौर के रूप में हुई है। डबवाली पुलिस ने गांव देसूजोधा से तीन आरोपियों बाबू राम, दलजीत सिंह व सुखदीप सिंह को आठ ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पुलिस ने गांव गोदिकां क्षेत्र से अजय कुमार व राधेश्याम को सात ग्राम हेरोइन सहित दबोचा है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma