कैथल: मंदिर की प्राचीन छड़ियों से चांदी चोरी, महंत व सुनार गिरफ्तार
कैथल, 21 सितंबर (हि.स.)। गांव रामथली स्थित बाबा दरबारपुरी की प्राचीन समाधि के मंदिर से चांदी चोरी करने के मामले में सीआईए कलायत ने डेरा के महंत और चांदी खरीदने वाले सुनार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब एक किलोग्राम चोरी की गई चांदी बरामद की है। अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश ने साेमवार काे बताया कि रामथली निवासी महावीर शर्मा की शिकायत पर थाना गुहला में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार बाबा दरबारपुरी की समाधि के गद्दी वाले कमरे में दो प्राचीन छड़ियां रखी हुई थीं। इन छड़ियों पर काफी पुरानी चांदी की परत लगी हुई थी। 18 अगस्त को मंदिर के कमरे की सफाई के दौरान महावीर शर्मा की नजर दोनों छड़ियों पर पड़ी। छड़ियों पर भगवा कपड़ा लिपटा हुआ था। सेवादारों और मंदिर में रहने वाले महंत अमरनाथ पुरी को बुलाकर कपड़ा हटाया गया तो दोनों छड़ियों पर लगी चांदी की परत गायब मिली। महंत से चांदी के संबंध में जानकारी मांगी गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
मामले की जांच सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की अगुवाई में एएसआई नरेंद्र सिंह की टीम ने शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने डेरा के महंत अमरनाथ पुरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि छड़ियों से उतारी गई चांदी रामथली में दुकान चलाने वाले चीका निवासी सुनार नानूराम को बेच दी गई थी।
इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सुनार नानूराम को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से करीब एक किलोग्राम चोरी की गई चांदी बरामद हुई है। पूछताछ पूरी होने के बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे