हिसार : बदले मौसम के साथ ही प्रदेश के तापमान में आई गिरावट
दो से तीन डिग्री गिरा तापमान, और गिरावट की संभावनाहिसार,
28 अप्रैल (हि.स.)। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जताई गई संभावना के अनुरूप हिसार सहित पूरे प्रदेश में मंगलवार को मौेसम में बदलाव रहा। इससे तापमान में भी काफी गिरावट आई है। हालांकि सोमवार शाम को कई क्षेत्रों में आई आंधी के बाद से ही मौसम में बदलाव आना शुरू हो गया था लेकिन रात को पूरी गर्मी रही। मंगलवार सुबह अचानक मौसम में बदलाव आया और लगभग पूरा दिन बादलवाई रही। मौसम विभाग ने सात जिलों के लिए बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौेसम में आए मामूली बदलाव से फिलहाल तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। दाे-तीन दिन मौसम बदला रहने के बाद यह गिरावट फिलहाल और ज्यादा होगी।मौसम विभाग के अनुसार मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की वजह सेे है। इसके चलते राज्य के पश्चिमी व दक्षिण-पश्चिमी हरियाणा में मौसम में ज्यादा बदलाव रहा। हिसार, फतेहाबाद, सिरसा भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज धूलभरी हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।मौसम विभाग ने बाकी हरियाणा के जिलों अंबाला, करनाल, रोहतक, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 40-50 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। विभाग के अनुसार एक मई तक पूरा प्रदेश ग्रीन जोन में आ जाएगा और फिर बारिश के आसार नहीं होंगे और मौसम साफ रहेगा। एचएयू के मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि 29 अप्रैल को भी प्रदेश के मध्य और दक्षिण हिस्सों में येलो अलर्ट जारी रहेगा। हालांकि, 30 अप्रैल से मौसम साफ होना शुरू होगा और एक मई तक पूरा प्रदेश ग्रीन जोन में आ जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर