सोनीपत: खेत में दफन मिला किशोरी का शव, जांच में जुटी पुलिस
सोनीपत, 18 जुलाई (हि.स.)। सोनीपत
जिले के मलिकपुर गांव में शनिवार को खेत में दफन एक किशोरी का शव मिलने से सनसनी
फैल गई। मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब खेत के पास घूम रहे कुत्ते लगातार जमीन खोदने
लगे। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो जमीन के भीतर शव दिखाई दिया। कुत्तों को भगाने के बाद
ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना
मिलते ही पुलिस, एफएसएल की टीम तथा अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गड्ढा खुदवाकर
शव को बाहर निकाला। शव की हालत बेहद खराब थी। पुलिस के अनुसार कुत्ते शव के एक हाथ
और गर्दन का कुछ हिस्सा नोच चुके थे। आशंका है कि शव कई दिन पहले जमीन में दबाया गया
था। प्रारंभिक जांच में मृतका की उम्र करीब 13 से 15 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके
शरीर पर सूट और सलवार मिले हैं, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास
के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल
से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किशोरी की मौत कैसे
हुई, उसकी हत्या कहीं और करने के बाद शव यहां दफनाया गया या घटना इसी स्थान पर हुई।
घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों
की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि का सुराग मिल सके।
पुलिस
ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट
आने के बाद मौत के कारण और समय का स्पष्ट पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की
कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना