तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर काली दिवाली मनाएंगे वोकेशनल टीचर्स

 


नूंह, 04 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा में पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज वोकेशनल टीचर्स ने इस बार काली दिवाली मनाने का ऐलान किया है। वेतन जारी करने की मांग को लेकर हरियाणा वोकेशनल टीचर एसोसिएशन ने गुरुवार को पंचकूला स्थित शिक्षा सदन के बाहर प्रदेशव्यापी विरोध-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। प्रदर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में वोकेशनल टीचर्स के शामिल होने की संभावना है।

वोकेशनल टीचर एसोसिएशन हरियाणा के नूंह जिला प्रधान भूपेंद्र सिंह लड़ान ने बताया कि तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण शिक्षकों को गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिवाली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर भी वेतन नहीं मिलने से शिक्षकों में सरकार और संबंधित विभाग के प्रति रोष है। इसी के विरोध में शिक्षकों ने इस बार त्योहार को उत्सव के बजाय विरोध के रूप में मनाने का फैसला लिया है।

उन्होंने बताया कि एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक मुकेश गुर्जर, प्रदेश मुख्य सलाहकार अश्वनी मलिक, प्रदेश कोषाध्यक्ष भीम राज शर्मा, महासचिव गीता रानी, प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष सुमनदीप, संयुक्त सचिव निकेश श्योराण और कैथल जिला अध्यक्ष अनिल दलाल ने भी वेतन जारी नहीं होने पर नाराजगी जताई है। पदाधिकारियों का कहना है कि तीन महीने से वेतन लंबित होने के कारण शिक्षकों के लिए अपने परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है। अपनी मेहनत का वेतन पाने के लिए शिक्षकों को सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ रहा है।

एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि जब तक शिक्षकों की वेतन संबंधी समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता और उनका बकाया वेतन जारी नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। अब 5 नवंबर को होने वाले इस प्रदर्शन के जरिए वोकेशनल टीचर्स अपनी मांगों को लेकर सरकार और शिक्षा विभाग का ध्यान आकर्षित करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया