फतेहाबाद: नाबालिग छात्रा से अभद्र व्यवहार का आरोपी शिक्षक न्यायिक हिरासत में

 


फतेहाबाद, 24 अक्टूबर (हि.स.)। नाबालिग छात्रा के साथ कथित अभद्र व्यवहार एवं छेड़छाड़ करने के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी शिक्षक को काबू किया है। आरोपी शिक्षक अनूप मूलतः चरखी दादरी का निवासी है तथा टोहाना में बतौर शिक्षक कार्यरत है। थाना शहर टोहाना प्रभारी निरीक्षक संदीप ने बताया कि एक सरकारी विद्यालय की छात्रा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 21 अक्टूबर को विद्यालय परिसर में पानी पीकर कक्षा में लौटते समय संबंधित शिक्षक ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। छात्रा ने शिक्षक पर अन्य छात्राओं के प्रति भी आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप लगाए हैं।

शिकायत के अनुसार, 22 अक्टूबर को विद्यालय में दो शिक्षकों के बीच हुई कहासुनी एवं विवाद के दौरान कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल, टोहाना ले जाया गया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर नाबालिग छात्रा के बयान उसकी माता की उपस्थिति में दर्ज किए। शिकायत के आधार पर थाना शहर टोहाना में बीएनएस व पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। मामला दर्ज करने के बाद आरोपी शिक्षक को शुक्रवार को गिरफ्तार करने के बाद शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा