विधायकों को खरीदने का आरोप लगाने वालों के विरुद्ध हाेगी कानूनी कार्रवाई: तरुण भंडारी

 


चंडीगढ़, 07 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी ने कांग्रेस के नेताओं को चेतावनी दी है कि राज्यसभा चुनाव में 25-25 करोड़ बांटने के आरोप लगाने वाले नेता साबित करें कि यह पैसा कब और कैसे दिया गया। भंडारी ने कहा कि विधायकों को खरीदने व करोड़ों के आरोप लगाने वालों के विरुद्ध जल्द ही लीगल एक्शन लिया जाएगा। उन पर अवमानना का केस करने पर विचार चल रहा है।

मंगलवार काे चंडीगढ़ में पत्रकाराें से बातचीत में उन्होंने अनिल धंतौड़ी, कैलाशो सैनी का नाम लेकर कहा कि यह तो खुद अनुशासन में नहीं रहे और दूसरी पार्टियों में चले गए थे। उन्होंने कहा कि वैसे, तो यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है लेकिन पिछले राज्यसभा चुनावों के बारे में भी नेता विपक्ष औऱ पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा साफ करें कि पहले गलती करने वालों के विरुद्ध क्या एक्शन लिया गया।

तरुण भंडारी का कहना है कि वैसे कांग्रेस का आंतरिक मामला है लेकिन अगर यह गुनाह है, तो पहले भी हरियाणा में स्याही कांड हो चुका है, 15 वोटों का उस वक्त खेल हुआ था जो पूरे देश में मशहूर है। अब राज्यसभा के सांसद कार्तिकेय शर्मा के चुनाव के दौरान भी वोट रिजेक्ट हुए थे, तो तब कार्रवाई क्यों नहीं हुई, शाम को तीन बजे तक तो कोई भी वोट खराब नहीं होने के दावे किए जा रहे थे। भंडारी ने कहा कि खुद अनुशासन समिति में शामिल लोगों को अनुशासन का नहीं पता क्योंकि जब बड़े लोग अनुशासन तोड़ने लगें, तो अनुशासन की बात करना बेमानी है।

भंडारी का कहना है कि कांग्रेस से हर मामले में चूक हुई है, यही हरियाणा में कर्मबीर बौद्ध को प्रत्याशी बनाने में रहा। अधिकांश विधायक विरोध में थे, क्योंकि एक व्यक्ति रिटायर होकर दो चार लोगों को खुश कर सीदा राज्यसभा में चला गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा