कैथल:धान से लदे ट्रक में टैंकर ने मारी टक्कर, जिंदा जला चालक

 




कैथल, 30 अक्टूबर (हि.स.)। कैथल जिले के कलायत क्षेत्र में नेशनल हाईवे-152 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव शिमला के पास सड़क किनारे खड़े धान से लदे ट्रक को पीछे से आ रहे मिथनॉल ऑयल से भरे टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर में अचानक आग लग गई।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और टैंकर का चालक केबिन में ही फंस गया। आग की लपटों में घिरने से चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के जिला जालौर के गांव सोंगरावास निवासी करीब 42 वर्षीय पीरा राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह राजस्थान से मिथनॉल ऑयल लेकर अंबाला जा रहा था। गांव शिमला के पास पहुंचने पर उसका टैंकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। हादसे के बाद टैंकर में लगी आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क पर धान से लदा ट्रक खड़ा था और उसका चालक नीचे उतरकर टायरों की जांच कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए टैंकर ने ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसा देखकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक टैंकर चालक की जान जा चुकी थी। पुलिस ने शव को टैंकर से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया।

कलायत थाना प्रभारी रणदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को डायल-112 के माध्यम से गांव शिमला के पास टैंकर में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर टैंकर और ट्रक आग की चपेट में मिले। उन्होंने बताया कि मामले में मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे