हांसी : ‘विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा बनाने का संकल्प लें’ : नायब सैनी

 








मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हांसी में किया ध्वजारोहण

स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिजनों को किया सम्मानित

हांसी, 14 अगस्त (हि.स.)। देशभक्ति, शौर्य और विकास के संकल्प के बीच हरियाणा

के नवगठित हांसी जिले में पहली बार जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया

गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राजकीय महाविद्यालय परिसर में तिरंगा फहराकर प्रदेशवासियों

को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई दी। मुख्यमंत्री के ध्वजारोहण के दौरान समारोह

स्थल पर शनिवार काे देशभक्ति का माहौल नजर आया और विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्’ की शानदार प्रस्तुति

देकर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व

न्योछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात शहीदों को नमन करते हुए कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र

हवा में सांस ले रहे हैं, वह वीर शहीदों के बलिदान की देन है। उन्होंने दिन-रात और

हर मौसम में देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों को विशेष रूप से बधाई और

श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार ‘हर घर तिरंगा अभियान’ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे

मातरम्’ को समर्पित किया गया

है, जो देशभक्ति की भावना को नई ऊर्जा देने का काम कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने हांसी के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए कहा कि वर्ष

1857 की क्रांति में हांसी के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया था। क्षेत्र के अनेक वीरों

ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि हांसी के जिला

बनने के बाद यहां आयोजित यह पहला जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह अपने आप में ऐतिहासिक

और गौरवपूर्ण अवसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और रोजगार के

नए अवसर पैदा करने के लिए नई हरियाणा प्रगतिशील एमएसएमई एवं निर्यात संवर्धन नीति-2026

लागू की गई है। इसका लक्ष्य 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित करना और

पांच लाख से अधिक नए रोजगार सृजित करना है। सरकार ने ‘मेक इन हरियाणा औद्योगिक नीति-2026’

सहित नौ अन्य सेक्टोरल नीतियां भी लागू की हैं, जिनके परिणामस्वरूप हरियाणा देश-विदेश

के निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है।

किसानों को प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि

सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती के नए और टिकाऊ मॉडल पर काम कर रही है। करीब

24 हजार किसान 44 हजार एकड़ भूमि पर प्राकृतिक खेती अपना चुके हैं। उन्होंने कहा कि

हरियाणा देश का एकमात्र राज्य है, जहां किसानों की 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा

रही है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज हरियाणा समृद्धि की नई परिभाषा लिख

रहा है। पिछले 12 वर्षों का कार्यकाल समान विकास, सामाजिक समरसता और सहिष्णुता का साक्षी

रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि महान सांस्कृतिक परंपराओं और उच्च

नैतिक मूल्यों को साथ लेकर विकसित भारत के निर्माण में हरियाणा को अग्रणी बनाने के

लिए पूरी निष्ठा, एकजुटता और कठोर परिश्रम से आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत

के साथ विकसित हरियाणा का सपना तभी साकार होगा, जब प्रदेश का हर नागरिक राष्ट्र निर्माण

को अपना संकल्प बनाए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर