एचकेआरएन से भरे जाएंगे सरकारी स्कूलों में स्वीपर व चौकीदार के पद
- जिला शिक्षा अधिकारियों से मांगी रिक्त पदों की जानकारी
चंडीगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के सरकारी स्कूलों में स्वीपर, चौकीदार और स्वीपर-कम-चौकीदार के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज हो गई है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने जिला शिक्षा अधिकारियों को रिक्त पदों की रिपोर्ट तैयार कर भेजने के निर्देश दिए हैं। इन पदों को अनुबंध आधार पर हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड (एचकेआरएनएल) के माध्यम से भरा जाएगा।
निदेशालय ने रिपोर्ट में जिले का नाम, ब्लाक, स्कूल का नाम, स्कूल कोड, विद्यार्थियों की संख्या, चौकीदार, स्वीपर और स्वीपर-कम-चौकीदार के रिक्त पदों का विवरण शामिल है। अधिकारियों को सभी कालम में जानकारी भरकर भेजने और कोई अतिरिक्त कालम नहीं जोडऩे की हिदायत दी गई है।
निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि कोई भी विद्यालय अपनी रिपोर्ट सीधे निदेशालय को ई-मेल नहीं करेगा। सभी विद्यालयों की जानकारी गूगल शीट में भरने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी उसका सत्यापन करेंगे और संकलित रिपोर्ट पीडीएफ प्रारूप में निदेशालय को भेजेंगे। गलत जानकारी भेजे जाने की स्थिति में संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे। निदेशालय ने इस कार्य को उच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा