नूंह में पेड़ पर लटका मिला युवक का शव,परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
नूंह, 05 फ़रवरी (हि.स.)। नूंह जिले के पिनगवां थाना क्षेत्र के गांव पापड़ी के जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शोयब के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 18 वर्ष बताई जा रही है। पिनगवां थाना क्षेत्र के गांव रहपुआ का निवासी है।
गुरुवार सुबह किसान जब जंगल की ओर फसल देखने गए तो उन्होंने पेड़ से लटका शव देखा। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए बताया कि शोयब रात करीब 12 बजे तक घर में ही मौजूद था। इसके बाद वह कैसे जंगल तक पहुंचा, यह सवाल खड़े करता है। परिजनों का कहना है कि युवक की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है।
टैंकर चालक शोयब आसपास के गांवों में पानी सप्लाई का काम करता है। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। शव जंगल में मिलने के बाद पूरे मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सूचना मिलते ही पिनगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा भेज दिया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और सच्चाई का खुलासा हो सकेगा। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया