नूंह: ससुराल में आए युवक की तालाब में डूबने से मौत
नूंह, 17 अगस्त (हि.स.)। नूंह जिले के ऊदाका गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव देर रात गांव के तालाब से बरामद हुआ। मृतक की पहचान पहाड़ी थाना क्षेत्र के गांव कठौल निवासी अनीस के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नूंह की मोर्चरी में रखवाया।
परिजनों के मुताबिक अनीस रविवार शाम करीब छह बजे अपनी ससुराल ऊदाका पहुंचा था। बताया गया कि रास्ते में उसने बाल भी कटवाए और अपना सामान लेकर सामान्य रूप से ससुराल गया था। ससुराल पहुंचने से पहले उसने मायके में रह रही अपनी पत्नी से फोन पर बातचीत भी की थी। इसके बाद रात में उसके साथ क्या हुआ और वह तालाब तक कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं है।
परिजनों को सोमवार अल सुबह करीब तीन बजे अनीस का शव तालाब में पड़े होने की सूचना मिली। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर अस्पताल भिजवाया। अनीस की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में सिविल अस्पताल नूंह पहुंच गए। परिजनों ने मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई और अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
परिजनों का कहना है कि यदि अनीस तालाब में जिंदा गिरा होता तो उसके बचने के लिए तैरने का प्रयास करने की संभावना थी। इसी आधार पर परिवार ने घटना को संदिग्ध बताते हुए गहन जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने हत्या की पुष्टि नहीं की है। अनीस की मौत के पीछे हादसा, आत्महत्या या कोई अन्य कारण रहा, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया