जींद : साइबर ठगों ने कनाडा रह रहा भांजा बनकर मामा से लाखों ठगे
जींद, 08 अक्टूबर (हि.स.)। कनाडा में रह रहा भांजा बन कर एक व्यक्ति को सवा दो लाख रुपये का चूना लगाने पर साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाघड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव मैंगलपुर निवासी सुभाष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भांजा विक्की कनाडा में रहता है। गत छह अक्टूबर को उसके व्हाट्सअप पर कॉल आई। जिसने कहा कि मामा वह कनाडा से विक्की बोल रहा है। उसने कहा कि उसके दोस्त हरजीत की मां ज्यादा बीमार है। उसे रुपयों की जरूरत है। छह लाख रुपये उसको भेज देना। साथ ही उसने हरजीत को नंबर देने तथा बातचीत करने की बात कही। देश वापस लौटने पर वह रुपयों को वापस लौटा देगा। उसने विक्की बन कर बात कर रहे युवक को बताया कि उसके पास सवा दो लाख रुपये हैं।
कुछ समय के बाद दूसरे नंबर से कॉल आई। जिसने विक्की का दोस्त हरजीत बताया। आरोपित द्वारा दिए गए खाते में उसने सवा दो लाख रुपये अपने खाते से ट्रांसफर कर दिए। जिसके बाद हरजीत की बार-बार काल आने लगी। उसने फोन को नहीं उठाया। जिसके बाद उसने विक्की के पिता से संपर्क साधा तो पता चला कि उसके साथ ठगी हुई है। साइबर थाना पुलिस ने सुभाष की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरूवार को जानकारी देते हुए साइबर थाना के जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि विदेश मे रह रहा भांजा बन कर धोखाधड़ी की गई है। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा