सुष्मा गुप्ता को बाल कल्याण आयोग के महासिचव पद से हटाया
राज्यपाल असीम घोष ने जारी किए आदेश
चंडीगढ़, 22 जून (हि.स.)। हरियाणा के राज्यपाल प्रो.असीम घोष ने एक
आदेश जारी करके हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की
मानद महासचिव सुषमा गुप्ता को उनके पद से हटा दिया है।
राजभवन से जारी आदेशों के
तहत सुषमा गुप्ता की मानद महासचिव पद पर नियुक्ति समाप्त कर दी गई है। यह
फैसला सीधे राज्यपाल सचिवालय के स्तर पर लिया गया है।
18 जुलाई 2024 को तत्कालीन गवर्नर बंडारू दत्रातेय की ओर से सुषमा गुप्ता को मानद महासचिव बनाया गया। हरियाणा
के मुख्यमंत्री नायब सैनी की पत्नी सुमन सैनी इस आयोग में पदेन वाइस चेयरपर्सन
हैं। मानद महासचिव सुष्मा गुप्ता इससे पहले रेडक्रास में वाइस चेयरपर्सन रह चुकी
हैं। रेडक्रास के बाद उन्हें यहां लगाया गया था। सुष्मा गुप्ता को पद मुक्त किए
जाने के आदेश जारी होने के बाद अब हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद
के प्रशासनिक ढांचे में नए सिरे से जिम्मेदारियों का निर्धारण किया जाएगा। जारी
आदेशों में सुषमा गुप्ता को हटाने के कारणों का विस्तृत उल्लेख नहीं किया गया है,
लेकिन राजभवन की ओर से की गई यह कार्रवाई राजनीतिक और प्रशासनिक
दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गई है।
मानद महासचिव का पद परिषद के
संचालन और विभिन्न बाल कल्याण योजनाओं के समन्वय में अहम माना जाता है। ऐसे में अब
नजर इस बात पर है कि सरकार और राजभवन की ओर से इस पद पर अगली नियुक्ति कब और किसे
दी जाती है। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद राज्य में बच्चों के कल्याण, शिक्षा, संरक्षण
और सामाजिक विकास से जुड़े कार्यक्रमों का संचालन करती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा