23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होगा तीसरा सूरजकुंड दिवाली मेला
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे शुभारंभ
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल 26 अक्टूबर को समापन समारोह में होंगे मुख्य अतिथि
चंडीगढ़, 18 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा पर्यटन विभाग की ओर से तीसरे सूरजकुंड दिवाली मेले का आयोजन 23 से 26 अक्टूबर तक फरीदाबाद स्थित सूरजकुंड मेला परिसर में किया जाएगा। चार दिवसीय इस मेले में भारतीय कला एवं हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। मेले के माध्यम से जहां लोगों को दिवाली की खरीदारी के लिए विभिन्न प्रकार के उत्पाद उपलब्ध होंगे, वहीं उन्हें परिवार के साथ मनोरंजन और भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत से रूबरू होने का अवसर भी मिलेगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मेले का शुभारंभ 23 अक्टूबर को करेंगे। उद्घाटन समारोह में हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। वहीं, 26 अक्टूबर को आयोजित होने वाले समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
मेले में लगभग 300 स्टॉल लगाई जाएंगी, जहां देश के विभिन्न क्षेत्रों के हस्तशिल्प, हथकरघा उत्पाद, पारम्परिक कलाकृतियां, घर की सजावट से संबंधित सामान और दिवाली के लिए उपयोगी वस्तुओं की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध होगी। इन स्टॉल के माध्यम से आगंतुकों को पारंपरिक एवं आकर्षक उत्पाद खरीदने का अवसर मिलेगा। साथ ही, यह आयोजन शिल्पकारों और कारीगरों को अपने हुनर एवं उत्पादों का प्रदर्शन करने तथा उन्हें व्यापक बाजार तक पहुंचाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।
मेले में आगंतुकों के लिए विशाल फूड कोर्ट की व्यवस्था भी की जाएगी। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों के साथ प्रतिष्ठित फूड ब्रांड्स के लोकप्रिय पकवान उपलब्ध होंगे। खानपान के विविध विकल्प मेले में आने वाले लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगे। खरीदारी, खानपान और मनोरंजन की गतिविधियां मेले को परिवारों के लिए एक विशेष उत्सवी अनुभव प्रदान करेंगी।
चार दिवसीय मेले के दौरान लोक कलाकारों, लोक नृत्य दलों और पारंपरिक कलाकारों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आगंतुकों को देश की विविध लोक परंपराओं, कला और सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखने एवं समझने का अवसर मिलेगा। मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रसिद्ध सूफी एवं लोक गायक कंवर ग्रेवाल की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा