हरियाणा रोडवेज में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 180 से अधिक सब इंस्पेक्टर बने इंस्पेक्टर
पदोन्नत अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां
संभालने के निर्देश
हिसार, 20 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा
राज्य परिवहन विभाग ने बड़े स्तर पर पदोन्नति आदेश जारी करते हुए 180 से अधिक सब इंस्पेक्टरों
को इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत किया गया है। परिवहन विभाग के निदेशक वीरेंद्र कुमार दहिया
द्वारा जारी आदेशों के अनुसार सभी पदोन्नत अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां
संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग की ओर से सोमवार को जारी सूची के अनुसार
पदोन्नत अधिकारियों की विभिन्न डिपो में नियुक्ति की गई है। हिसार डिपो के सब इंस्पेक्टर
सत्यवान को पदोन्नत कर हिसार डिपो में ही इंस्पेक्टर बनाया गया है। हिसार के पवन कुमार
को भिवानी तथा दशरथ सिंह को सिरसा डिपो में इंस्पेक्टर के रूप में नियुक्त किया गया
है। इसके अलावा सोनीपत, अंबाला, करनाल, फतेहाबाद, जींद, कुरुक्षेत्र, पलवल, झज्जर,
रोहतक, भिवानी, रेवाड़ी, पंचकूला और चरखी दादरी सहित विभिन्न डिपो के अधिकारियों को
भी पदोन्नति का लाभ मिला है।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी पदोन्नत
अधिकारी एक वर्ष की परिवीक्षा (प्रोबेशन) अवधि पर रहेंगे। यदि भविष्य में वरिष्ठता
सूची में किसी वरिष्ठ अधिकारी का दावा सही पाया जाता है तो आवश्यकतानुसार कनिष्ठ अधिकारी
को बिना किसी अलग कारण बताए वापस पूर्व पद पर भेजा जा सकता है।
आदेशों में यह भी कहा गया है कि जिन अधिकारियों
पर वेतन वृद्धि रोकने जैसी विभागीय कार्रवाई प्रभावी है, उन्हें संबंधित नियमों के
अनुरूप ही कार्यमुक्त अथवा ज्वाइन कराया जाएगा। सभी महाप्रबंधकों (जीएम) को निर्देश
दिए गए हैं कि वे आदेशों की पालना सुनिश्चित कर पदोन्नत अधिकारियों को उनके नए पदस्थापन
स्थल पर कार्यभार ग्रहण कराएं। इन पदोन्नतियों को परिवहन विभाग में लंबे समय से लंबित
पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर