पानीपत: जेल से छूटते ही स्टंटबाज ने पुलिस को फिर दिखाया ठेंगा, सड़क पर फिर किया स्टंट
पानीपत, 02 मई (हि.स.)। सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए युवा कुछ भी कर गुजर रहे हैं। इंस्टाग्राम पर प्रमोशन के लिए पुलिस की गाड़ी के सामने स्टंट करने वाले आरोपी बाइक सेलर ने जमानत मिलते ही एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली का मजाक उड़ाया है। पूरा मामला कुछ दिन पहले का है। जब इंस्टाग्राम पर अपनी दुकान के प्रमोशन के लिए एक बाइक सेलर ने पुलिस की जिप्सी के सामने आग वाला स्टंट दिखाया था।
रील वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद जब उसे मीडिया के सामने पेश किया गया, तो पुलिस ने उसके चेहरे पर काला कपड़ा लपेटा हुआ था। आरोपी दो दिन पहले जैसे ही आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आया, उसने वही काला कपड़ा दोबारा अपने चेहरे पर लपेट कर बाइक चलाते हुए उसने मीडिया के कैमरों के सामने बड़े ही व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि मेरी फ्री में इतनी पब्लिसिटी और प्रमोशन करने के लिए मीडिया का बहुत-बहुत धन्यवाद।
आरोपी के हौसले इतने बुलंद थे कि जमानत पर बाहर आने के चंद घंटों के भीतर ही उसने दोबारा बाइक स्टंट किया और उसका वीडियो अपने इंस्टाग्राम पेज पर अपलोड कर दिया। यह वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बेखौफ होकर सड़कों पर नियमों की धज्जियां उड़ाता दिख रहा है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पानीपत पुलिस अब दोबारा कड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।
डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश वत्स ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि इस स्टंटबाज के व्यवहार और कानून की अवहेलना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमने सीआईए के साथ-साथ अब साइबर सेल को भी इस मामले में सक्रिय कर दिया है। दोनों टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं कि आरोपी के खिलाफ जल्द ही दोबारा केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा