जींद : योग विज्ञान विभाग के घोषित परीक्षा परिणामों में छात्र एक विषय में फेल

 


जींद, 26 फ़रवरी (हि.स.)। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में योग विज्ञान विभाग के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को एक ही विषय में फेल किए जाने पर विश्वविद्यालय अधिकारी डा. राजेश बंसल से मुलाकात की और गुरूवार को ज्ञापन सौंपा। छात्राओं का कहना था कि परीक्षाएं अच्छी होने के बाद भी वो असफल हुए हैं। इसलिए उनकी परीक्षा की रिचैकिंग करवाई जाए।

छात्र नेता सुमित लाठर ने कहा कि योग विज्ञान विभाग के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को एक ही विषय में फेल होना सवाल खड़ा करता है। इससे छात्र मानसिक रूप से परेशान हैं और उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है। कई छात्रों का कहना है कि उनके पेपर अच्छे हुए थे, फिर भी उन्हें असफल घोषित कर दिया गया। किसान छात्र एकता संगठन ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है। संगठन का कहना है कि जब एक साथ इतने अधिक छात्र फेल होते हैं तो यह जांच का विषय बनता है। इसलिए योग साइंस के परिणामों की निष्पक्ष और उच्च स्तर पर जांच करवाई जाए। छात्र नेता सुमित लाठर ने मांग कि जिन विद्यार्थियों को फेल किया गया है, उनकी उत्तर पुस्तिकाओं का पारदर्शी तरीके से दोबारा मूल्यांकन किया जाए। अगर जांच में किसी प्रकार की गलती या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में छात्रों के साथ इस तरह का अन्याय दोबारा न हो। लाठर ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जल्द ही इस मामले में उचित कदम नहीं उठाए गए तो किसान छात्र एकता संगठन छात्र हित में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा