हिसार : दुर्जनपुर के पीएम श्री स्कूल में चार विषयों के शिक्षक नहीं, विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित
एसएफआई-डीवाईएफआई ने डीईओ को सौंपा ज्ञापन, स्थायी
नियुक्ति तक अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था की मांग
हिसार, 5 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव दुर्जनपुर
स्थित पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अर्थशास्त्र, जीव विज्ञान, संस्कृत
और इतिहास विषयों के शिक्षक नहीं होने का मामला सामने आया है। शिक्षकों की कमी पर भारत
की जनवादी नौजवान सभा (डीवाईएफआई) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की जिला
कमेटी ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इन विषयों के शिक्षकों की शीघ्र नियुक्ति
की मांग की।
डीवाईएफआई के जिला प्रधान पंकज बगला व एसएफआई
के जिला प्रधान निखिल राजली ने साेमवार काे कहा कि विद्यालय में चार महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक
उपलब्ध नहीं होने से विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षा सत्र
का बड़ा हिस्सा बीत चुका है, लेकिन इन विषयों की पढ़ाई सुचारु रूप से नहीं हो पा रही
है। इससे सैकड़ों विद्यार्थियों की पढ़ाई और भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने
कहा कि शिक्षकों के अभाव में विद्यार्थी पाठ्यक्रम पूरा नहीं कर पा रहे हैं, जिसका
सीधा असर बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम पर पड़ सकता है। उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं
की तैयारी भी प्रभावित होती है। ग्रामीण और गरीब परिवारों के विद्यार्थी निजी ट्यूशन
का खर्च उठाने में सक्षम नहीं हैं, ऐसे में शिक्षकों की कमी उनके लिए और बड़ी समस्या
बन जाती है।
दोनों नेताओं ने कहा कि विद्यालय पीएम श्री योजना
के तहत चयनित है, जिसका उद्देश्य स्कूलों को आदर्श और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के केंद्र
के रूप में विकसित करना है। ऐसे विद्यालय में चार महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नहीं
होना शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने सरकार से शिक्षकों की कमी दूर
करने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की।
संगठनों ने मांग की कि अर्थशास्त्र, जीव विज्ञान,
संस्कृत और इतिहास के शिक्षकों की स्थायी नियुक्ति शीघ्र की जाए। जब तक स्थायी नियुक्ति
नहीं होती, तब तक अतिथि या अस्थायी शिक्षकों की व्यवस्था की जाए, ताकि विद्यार्थियों
की पढ़ाई और प्रभावित न हो। पंकज बगला और निखिल राजली ने चेतावनी दी कि यदि शिक्षा
विभाग ने जल्द उचित कार्रवाई नहीं की तो विद्यार्थियों के हित में डीवाईएफआई और एसएफआई
आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इस दौरान डीवाईएफआई के राज्य प्रधान मुकेश कुमार,
भूपेश सोनी, साहिल और दुर्जनपुर डीवाईएफआई कोषाध्यक्ष शलू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद
रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर