हिसार : नलवा कॉलेज में टैलेंट सर्च प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

 






रंगोली, नृत्य, गायन, पोस्टर मेकिंग, मेहंदी समेत

विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

हिसार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। राजकीय महाविद्यालय

नलवा में विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने और उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व

विकास के उद्देश्य से सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की ओर से टैलेंट सर्च प्रतियोगिता का आयोजन

किया गया। गुरुवार काे हुई प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगोली, पोस्टर मेकिंग, मेहंदी, नृत्य,

गायन, कविता-पाठ, भाषण, फोटोग्राफी और क्ले मॉडलिंग सहित विभिन्न विधाओं में उत्साहपूर्वक

भाग लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि गुरु गोरक्षनाथ महाविद्यालय

की प्राचार्या डॉ. अंजू चौधरी रहीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास

में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों की भी महत्वपूर्ण

भूमिका है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और

रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए मंच प्रदान करते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या

एवं जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेश दूहन ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन

से हुआ। डॉ. कमलेश दूहन ने कहा कि विद्यार्थियों में प्रतिभा की कमी नहीं है, आवश्यकता

उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। ऐसे आयोजन रचनात्मक क्षमता निखारने के साथ आत्मविश्वास,

नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। मंच संचालन

डॉ. दीपक ने किया।

प्रतियोगिताओं के परिणाम में रंगोली में काजल

प्रथम, अंजू द्वितीय और रवीना तृतीय रहीं। पोस्टर मेकिंग में अंजू प्रथम, मोनिका द्वितीय

और हिमांशु तृतीय रहे। मेहंदी में सिमरन प्रथम, अंजू द्वितीय और पूजा तृतीय रहीं। हिंदी

कविता-पाठ में करीना प्रथम, स्नेहा द्वितीय और ममता तृतीय रहीं। फोटोग्राफी में मोहित

प्रथम, सन्नी द्वितीय और सार्थिका तृतीय रहे। क्ले मॉडलिंग में अंजू प्रथम, रितु द्वितीय

और काजल तृतीय रहीं। नृत्य में रवीना प्रथम, ऋतू द्वितीय और नैंसी तृतीय रहीं, जबकि

गायन में विश्वनाथ प्रथम, निशा द्वितीय और सागर तृतीय रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह

देखने को मिला। महाविद्यालय परिवार ने आयोजन को विद्यार्थियों की प्रतिभा पहचानने और

उसे निखारने की दिशा में सार्थक पहल बताया। इस अवसर पर महाविद्यालय का शिक्षण एवं गैर-शिक्षण

स्टाफ मौजूद रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर