सरकारी स्कूलों में विद्यार्थी जलाएंगे 'एक दीप विद्यालय के नाम'

 


शनिवार को शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी सायं 5 बजे जलाएंगे दीप

चंडीगढ़, 05 नवंबर (हि.स.)। प्रदेशभर के राजकीय स्कूलों में 7 नवंबर शनिवार को 'एक दीप विद्यालय के नाम' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शिक्षकों के साथ अभिभावक और विद्यार्थी विद्यालय पहुंचकर दीप जलाएंगे।

हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारी, मौलिक शिक्षा अधिकारी और स्कूल मुखियाओं को निर्देश जारी किए हैं कि विद्यालय परिसर में दीप जलाने के लिए सुरक्षित और उचित स्थान निर्धारित किया जाए।

परिषद की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि दीपावली प्रकाश, खुशियों और सकारात्मकता का त्योहार है। यह पर्व अंधकार को दूर करने के साथ-साथ ज्ञान, आशा और नई ऊर्जा का प्रतीक भी है। विद्यालय भी ज्ञान के ऐसे ही मंदिर हैं, जहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देकर उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाया जाता है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए दीपावली के अवसर पर 'एक दीप विद्यालय के नाम' कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

एक दीप विद्यालय के नाम कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में अपने विद्यालय के प्रति सम्मान, अपनापन और जुड़ाव की भावना विकसित करना है। इसी कड़ी में विद्यार्थी अभिभावकों के साथ पहुंचकर विद्यालय प्रांगण में दीप जलाएंगे।

परिषद ने स्कूल मुखियाओं को निर्देश दिए हैं कि इसके साथ ही बच्चों को इस व्यवस्था और कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी भी दी जाए, ताकि आयोजन व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

परिषद की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं कि विद्यार्थियों और अभिभावकों को कार्यक्रम के उद्देश्य के बारे में पहले से बताया जाएगा और उन्हें 7 नवंबर को शाम 5 बजे विद्यालय पहुंचकर दीप जलाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। परिषद के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने विद्यालय के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। साथ ही उन्हें यह एहसास कराना है कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि उनके जीवन निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने वाला संस्थान भी है। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी संबंधित अधिकारियों को आगामी दीपावली पर प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में इस कार्यक्रम का आयोजन सुनिश्चित करवाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा