जींद : शहर से बसें नहीं गुजरने पर आईटीआई छात्रों ने किया हंगामा
जींद, 04 नवंबर (हि.स.)। बसों की कमी के चलते बुधवार को आइटीआई के विद्यार्थियों ने बस अड्डा परिसर पहुंच कर रोष प्रकट किया। छात्रों के लामबंद होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छात्रों को समझा कर शांत किया और अन्य बसों के माध्यम से छात्रों को शिक्षण संस्थानों के लिए रवाना किया गया। आधा घंटा तक विद्यार्थी बस स्टैंड परिसर में रहे। वहीं तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
गौरतलब है कि त्योहारी सीजन का देखते हुए गोहाना व सफीदों रोड पर जगह-जगह दुकानदारों ने सेल लगाई हुई है। यहां ग्राहक सामान खरीदने के लिए भारी संख्या में पहुंचते हैं। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से हांसी, असंध, नरवाना व बरवाला रूट की बसों का संचालन दीवाली तक शहर के अंदर से बंद कर दिया गया है। लगभग 10 दिन से परिवहन समिति की बसों का संचालन फ्लाईओवर से हो रहा है।
इस कारण गोहाना रोड पर लघु सचिवालय, पुराना बस स्टैंड, एसडी स्कूल, सफीदों गेट, बत्तख चौक, रुपया चौक व सब्जी मंडी मोड़ से बस पकडऩे वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आमतौर पर हांसी, हिसार, बरवाला, असंध, करनाल, कैथल लोकल, नरवाना रूट की बस बस स्टैंड से निकल कर गोहाना रोड से होते हुए लघु सचिवालय, नागरिक अस्पताल, पुराना बस स्टैंड, रानी तालाब, एसडी स्कूल, सफीदों गेट, रुपया चौक, सब्जी मंडी मोड़ से होते हुए पटियाला चौक पर बस जाती हैं।
शहर में लघु सचिवालय, पुराना बस स्टैंड, रुपया चौक व पटियाला चौक से काफी संख्या में यात्री इन रूट पर जाने के लिए बस पकड़ते हैं। यहां से उन्हें बस पकडऩे के लिए बस स्टैंड जाने की जरूरत नहीं पड़ती। इंस्पेक्टर मशीष कुमार ने कहा कि आईटीआई बच्चों को पटियाला चौक जाने की समस्या की सूचना मिली थी। बच्चों को निजी बसों में बैठा कर भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा