हिसार : एचएयू छात्र को उज्बेकिस्तान की कंपनी में मिला 13 हजार डॉलर सालाना पैकेज

 


कुलपति सहित अन्य अधिकारियों ने छात्र को दी बधाई, उपलब्धि को बताया गौरवपूर्ण

हिसार,

26 जून (हि.स.)। यहां के हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की प्रतिभा

अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रही है। इसी कड़ी में विश्वविद्यालय के

छात्र रमनदीप ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए उज्बेकिस्तान की प्रतिष्ठित कंपनी

इंडोरामा एग्रो एलएलसी में फील्ड ऑपरेशन लीड (जोनल मैनेजर) के पद पर चयन प्राप्त किया

है। कंपनी की ओर से उन्हें 13 हजार अमेरिकी डॉलर (करीब 11 लाख रुपये) वार्षिक वेतन

का आकर्षक पैकेज दिया जाएगा।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है। कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज

ने रमनदीप को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता केवल एक छात्र की नहीं, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय

के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि हकृवि विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ही नहीं,

बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत

है। इसी उद्देश्य से प्रतिष्ठित भारतीय और विदेशी कंपनियों को कैंपस प्लेसमेंट के लिए

आमंत्रित किया जा रहा है।

कुलपति ने शुक्रवार काे कहा कि किसी अंतरराष्ट्रीय निजी कंपनी में छात्र का चयन विश्वविद्यालय

की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योग से जुड़ी तैयारियों का परिणाम

है। उन्होंने विश्वास जताया कि रमनदीप की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा

बनेगी और उन्हें वैश्विक स्तर पर अपने करियर की संभावनाएं तलाशने के लिए प्रोत्साहित

करेगी।

छात्र कल्याण निदेशक डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट

सेल विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

प्लेसमेंट सेल उद्योगों के साथ समन्वय स्थापित करने, प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने,

करियर मार्गदर्शन देने और विद्यार्थियों की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने के लिए लगातार

कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर डॉ. एसके पाहुजा ने बताया कि इंडोरामा एग्रो एलएलसी एक अंतरराष्ट्रीय

स्तर की अग्रणी कंपनी है, जो विभिन्न देशों में खाद्य उत्पादों के निर्यात के क्षेत्र

में कार्य करती है। वहीं, सह-छात्र कल्याण निदेशक डॉ. सुबोध अग्रवाल ने जानकारी दी

कि पिछले वर्ष विश्वविद्यालय के छह विद्यार्थी इसी कंपनी में इंटर्नशिप के लिए गए थे।

अब रमनदीप का चयन इस बात का प्रमाण है कि विश्वविद्यालय और उद्योग जगत के बीच बढ़ता

तालमेल विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर