हिसार : लुवास के डॉ. सुजॉय खन्ना ने यूनेस्को वैश्विक सम्मेलन में किया भारत का प्रतिनिधित्व

 


हिसार, 21 जुलाई (हि.स.)। यहां के लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान

विश्वविद्यालय (लुवास) के विस्तार शिक्षा विशेषज्ञ एवं हरियाणा पशु विज्ञान केंद्र

करनाल में कार्यरत डॉ. सुजॉय खन्ना ने अपने अंतरराष्ट्रीय अध्ययन व एक्सपोजर दौरे के

तहत फ्रांस की राजधानी पेरिस स्थित यूनेस्को मुख्यालय में आयोजित ‘2026 ग्लोबल कॉन्फ्रेंस

ऑन द इंटरनेशनल डिकेड ऑफ साइंसेज फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट’ में भाग लेकर विश्वविद्यालय

और देश का नाम वैश्विक पटल पर रोशन किया। हाल ही में आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय

सम्मेलन में विश्व भर के प्रमुख विश्वविद्यालयों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों, शीर्ष वैज्ञानिकों

और नीति-निर्माताओं के साथ डॉ. खन्ना ने सतत विकास एवं पशुधन प्रबंधन जैसे वैश्विक

विषयों पर अपने विचार साझा किए।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विनोद कुमार वर्मा ने मंगलवार काे डॉ. सुजॉय खन्ना को इस वैश्विक

मंच पर भारत का प्रभावी प्रतिनिधित्व करने पर बधाई देते हुए कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय

दौरे विश्वविद्यालय के शोध व विस्तार कार्यक्रमों को वैश्विक पहचान दिलाने तथा वैश्विक

वैज्ञानिक बिरादरी के साथ ज्ञान व तकनीकों के आदान-प्रदान का स्वर्णिम अवसर प्रदान

करते हैं। विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. गौतम ने भी डॉ. खन्ना के इस विदेश दौरे को संस्थान

के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों से प्राप्त यह अनुभव प्रदेश

के किसानों व पशुपालकों को आधुनिक व वैश्विक स्तर की तकनीकों से जोड़ने में मील का

पत्थर साबित होगा।

अपने पेरिस दौरे के दौरान डॉ. खन्ना ने सतत पशुधन प्रबंधन, जलवायु

परिवर्तन, ‘वन हेल्थ’ तथा मीथेन उत्सर्जन में कमी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आयोजित तकनीकी सत्रों

में सक्रिय भाग लिया, साथ ही महिलाओं व युवाओं को वैज्ञानिक पशु प्रबंधन से जोड़ने

के लिए लुवास के सफल मॉडल को वैश्विक विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत किया। डॉ. सुजॉय

खन्ना के इस सार्थक अंतरराष्ट्रीय योगदान व सहभागिता की विशेष सराहना करते हुए यूनेस्को

की बेसिक साइंसेज, इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन सेक्शन की प्रमुख डॉ. अमल कसरी

ने उन्हें पेरिस से विशेष धन्यवाद पत्र भेजकर यूनेस्को की ओर से आभार एवं बधाई प्रेषित

की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर