नूंह : नुक्कड़ नाटकों के जरिए सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित का संदेश
फिरोजपुर झिरका, जैन महिला महाविद्यालय और बसई मेव में ‘नमो सेवा-अनकही कहानी’ का मंचन
नूंह, 6 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। नमो सेवा-अनकही कहानी मॉड्यूल के तहत आयोजित कार्यक्रमों में कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और ग्रामीणों को समाज एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया।
कला एवं सांस्कृतिक विभाग, हरियाणा की ओर से भेजी गई राजकुमार नाटक मंडली ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फिरोजपुर झिरका, जैन महिला महाविद्यालय फिरोजपुर झिरका तथा गांव बसई मेव में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। बसई मेव में शाम के समय आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों और युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
नुक्कड़ नाटक के दौरान कलाकारों ने जीवंत अभिनय, प्रभावशाली संवाद और मनोरंजक प्रस्तुति के माध्यम से सेवा, समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्रहित और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। कलाकारों ने कहा कि समाज और राष्ट्र के विकास में प्रत्येक नागरिक की सकारात्मक एवं जिम्मेदार भूमिका महत्वपूर्ण है।
नमो सेवा-अनकही कहानी मॉड्यूल के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना वाले प्रेरणादायी प्रसंगों को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं एवं आम नागरिकों को समाजसेवा, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और जैन महिला महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं, बसई मेव में ग्रामीणों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिए गए संदेश की सराहना की। इस अवसर पर विद्यालय एवं महाविद्यालय के शिक्षकगण तथा संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने राजकुमार नाटक मंडली के कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुति की सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया