हिसार : नकदी व मोबाइल लूट के चार आरोपी गिरफ्तार, लूटा गया मोबाइल फोन बरामद
हिसार, 31 जुलाई (हि.स.)। अग्रोहा थाना पुलिस
ने लूट के एक मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में लूटा गया मोबाइल फोन
बरामद किया है। इस संबंध में अग्रोहा निवासी चिराग ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत
के अनुसार 13 जून की रात लगभग 9:40 बजे वह अपनी बेकरी की दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी
कर रहा था।
इसी दौरान चार युवक दुकान पर आए, जिनमें से एक ने पिस्तोल तानकर जान से
मारने की धमकी दी, जबकि अन्य साथियों ने उसे डराकर 40 हजार रुपये की नकदी तथा सैमसंग
मोबाइल फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर अग्रोहा थाने में मुकदमा दर्ज
कर जांच शुरू की गई।
उप निरीक्षक शेषकरण ने गहन जांच एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार
पर चारों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार
निवासी निरंजन कुमार , अलेवा थाना के खानपुर निवासी सुखदेव, इसी गांव के आकिब व अग्रोहा थाना के मीरपुर निवासी अशोक के रूप में
हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में लूटा गया सैमसंग मोबाइल
फोन बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें
न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर