यमुनानगर पुलिस ने वाहन चोरी के आरोपी को दबोचा

 


यमुनानगर, 07 अप्रैल (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल की टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक युवक को चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है। सेल के इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि उनकी टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक संदिग्ध युवक चोरी की बाइक लेकर कलानौर बॉर्डर के रास्ते उत्तर प्रदेश की ओर जाने की फिराक में है। सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और निर्धारित स्थान पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान एक युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया, जिसे रोककर पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि मोटरसाइकिल चोरी की है। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर वाहन बरामद कर लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान यमुनानगर निवासी अंकुश के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद मोटरसाइकिल को कुछ दिन पूर्व शहर के एक क्षेत्र से चोरी किया गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ कई मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार