पानीपत: आर्य कॉलेज का दबदबा, 11 स्वर्ण पदक सहित 26 पदक जीते

 




पानीपत, 23 फ़रवरी (हि.स.)। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अंतर-कॉलेज खेल प्रतियोगिताओं में आर्य कॉलेज के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से कॉलेज का नाम रोशन किया है। हाल ही में आयोजित कराटे प्रतियोगिता और शतरंज प्रतियोगिता में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने कुल 26 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कॉलेज प्राचार्य प्रो.डॉ. जगदीश गुप्ता ने कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश टूर्ण व उनकी पूरी टीम को इस शानदार जीत पर बधाई दी।

कॉलेज प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंगला ने साेमवार काे सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि हमारे छात्र-छात्राओं ने खेल के मैदान में जो अनुशासन और प्रतिभा दिखाई है, वह पूरे कॉलेज के लिए गर्व का विषय है। कॉलेज प्रशासन भविष्य में भी खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कॉलेज प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल प्रांगण में आयोजित इंटर कॉलेज कराटे की अलग-अलग विधाओं में हमारे विद्यार्थियों का यह प्रदर्शन उनकी कड़ी मेहनत और कोच के मार्गदर्शन का परिणाम है।

आर्य कॉलेज हमेशा से ही शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी अव्वल रहा है। उन्होंने बताया कि छात्राओं ने अपने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए कराटे में छह पदक अपने नाम किए। आरती ने करांटे के 68 किग्रा में स्वर्ण पदक, प्रिया ने 45 किग्रा में रजत पदक, सृष्टि ने 50 किग्रा में रजत पदक, कनक ने 55 किग्रा में कांस्य पदक, सुगंधा ने 61 किग्रा में कांस्य पदक समृद्धि 68 किग्रा कांस्य पदक तथा पेंचक सलाट के तुंगल इवेंट में सुगंधा, गांडा इवेंट में मंजू व प्रिया और रिगू टीम इवेंट में खुशबू दीपिका, शितल ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं खुशबू व मंजू ने फाइट में अपने-अपने वर्गभार में स्वर्ण पदक व रिया ने रजत पदक प्राप्त किया। इसके साथ ही खुशबू,मंजू, प्रिया, दीपिका, शितल व सुगंधा का ऑल इंडिया के लिए चयन हुआ है और कराटे में आरती, प्रिया, सृष्टी का चयन नॉर्थ जोन कैंप के लिए हुआ है। साथ ही शतरंज प्रतियोगता में 18 फरवरी को आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में आर्य कॉलेज की छात्राओं ने सामूहिक रूप से अपनी दिमागी कुशलता का परिचय देते हुए सिल्वर मेडल पर कब्जा किया। पूजा बी.कॉम, सुहानी बीए, पायल बीए, तन्नू बीए, व बीएससी की सृष्टी टीम की सदस्य रही। कॉलेज की छात्रा काजल (बी.कॉम) के शानदार खेल को देखते हुए उनका चयन नॉर्थ ज़ोन के लिए किया गया है, जो कॉलेज के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है। पेंचक सलाट में पुरुष वर्ग में भी आर्य कॉलेज के खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबले में चार पदक अपने नाम किए। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग के प्राध्यापक राजेंद्र देशवाल, राजा तोमर, सुनील पहल, अनुप गुलिया व प्राध्यापिका रजनी भी मौजूद रही।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा