राई स्पोर्टस यूनिवर्सिटी के स्विमिंग पूल में डूबकर छात्र की मौत
सोनीपत, 22 मई (हि.स.)। सोनीपत
स्थित राई की हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में गुरुवार रात स्विमिंग
पूल में पीजी डिप्लोमा फाइनल ईयर के छात्र निशांत गौतम की डूबने से मौत हो
गई। निशांत पलवल का रहने वाला था और यूनिवर्सिटी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
हादसे के बाद पूरे परिसर में शोक और तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी
के अनुसार गुरुवार रात निशांत स्विमिंग पूल में उतरा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में
डूब गया। बताया जा रहा है कि घटना की सूचना यूनिवर्सिटी प्रबंधन तक देर से पहुंची,
जिसके चलते समय पर बचाव कार्य नहीं हो सका। बाद में यूनिवर्सिटी स्टाफ और छात्रों की
मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यूनिवर्सिटी
का स्विमिंग पूल मंगलवार से ही दोबारा शुरू किया गया था। ऐसे में सुरक्षा मानकों और
प्रबंधन की लापरवाही को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। यह भी जांच का विषय बना हुआ
है कि हादसे के समय पूल पर लाइफगार्ड मौजूद था या नहीं। फिलहाल एफएसएल टीम के मौके
पर नहीं पहुंचने के कारण पूल क्षेत्र को बंद कर दिया गया है। निशांत गौतम का ननिहाल
खेल मंत्री गौरव गौतम के गांव चिरावटा में है। परिवारिक सूत्रों के अनुसार, वह खेल
मंत्री के ममेरे भाई बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर के बाद गांव में शोक की लहर फैल
गई।
उधर,
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज,
सुरक्षा व्यवस्था और स्टाफ की मौजूदगी समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना