यमुनानगर: तेज रफ्तार कार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, चालक फरार
यमुनानगर, 04 मई (हि.स.) यमुनानगर जिले के बुडिया क्षेत्र में सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से व्यक्ति की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान गांव रामपुर निवासी 65 वर्षीय पृथ्वी चंद के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही थाना बढ़िया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। मृतक के बेटे अक्षय ने बताया कि वह मजदूरी करता है और परिवार में तीन भाई-बहन हैं। उसने बताया कि उसके पिता बस अड्डे के पास स्थित एक किराना दुकान से सामान लेने गए थे।
उस समय वह भी आसपास ही मौजूद था। अक्षय के अनुसार, सामान लेकर लौटते समय जब उसके पिता सड़क पार कर रहे थे, तभी नत्थनपुर की ओर से आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। वाहन तेज गति से चलाया जा रहा था और चालक ने नियंत्रण नहीं रखा। टक्कर इतनी तेज थी कि उसके पिता सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद वह मौके पर पहुंचा और राहगीरों की मदद से घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक कुछ दूरी पर वाहन रोककर उतरा, लेकिन भीड़ एकत्रित होते देख मौके से फरार हो गया। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार