नूंह में बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टरों पर पुलिस की सख्ती, चलेगा विशेष अभियान

 


नूंह, 27 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए नूंह पुलिस ने सख्ती बढ़ाने का फैसला लिया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर बुधवार से बिना पंजीकृत नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ने वाले ट्रैक्टरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, अस्पष्ट नंबर प्लेट और पेंट से नंबर लिखकर चलाए जा रहे ट्रैक्टरों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और नियमानुसार चालान की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और यातायात पुलिस को अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के तहत विशेष रूप से ऐसे ट्रैक्टरों की जांच की जाएगी, जिन पर नियमानुसार पंजीकृत नंबर प्लेट नहीं लगी है।

उन्होंने बताया कि पुलिस के संज्ञान में आया है कि जिले में कई ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर चल रहे हैं। कुछ ट्रैक्टरों पर नंबर स्पष्ट दिखाई नहीं देते, जबकि कुछ पर नंबर प्लेट लगाने के बजाय पेंट से ही नंबर लिखे गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पेंट से लिखे गए नंबर पंजीकृत नंबर प्लेट का विकल्प नहीं हैं। वाहन पर नियमानुसार निर्धारित नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जिन ट्रैक्टरों पर नंबर प्लेट नहीं लगी होगी, प्लेट अस्पष्ट होगी या नंबर पेंट से लिखे गए होंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बुधवार से शुरू होने वाला यह अभियान जिले में लगातार चलाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया