सोनीपत के कालूपुर औद्योगिक क्षेत्र में पेंट फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का नुकसान
सोनीपत, 29 मई (हि.स.)। सोनीपत के कालूपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित अरोमा पेंट फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह अचानक आग लग गई। आग फैक्ट्री के साथ बने बांस-बल्ली के गोदाम तक फैल गई।
सुबह
कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे तो फैक्ट्री से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। इसके
बाद गार्ड ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112, सिटी
थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। फैक्ट्री में पेंट और
केमिकल जैसे ज्वलनशील पदार्थ रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग के दौरान कई धमाके
भी सुनाई दिए। आग की गंभीरता को देखते हुए आधा दर्जन से ज्यादा दमकल गाड़ियों को मौके
पर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया।
पास स्थित एक दवा फैक्ट्री से भी पानी और अन्य संसाधनों के जरिए सहयोग दिया गया, जिससे
आग को आगे फैलने से रोकने में मदद मिली। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय फैक्ट्री
बंद थी और अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी
के अनुसार, मॉडल टाउन निवासी राजीव सेठ लंबे समय से करीब 150 गज क्षेत्र में अरोमा पेंट
फैक्ट्री चला रहे हैं। फैक्ट्री में दिन के समय काम होता है और यहां करीब 18 मजदूर
कार्यरत हैं। सामने बने गोदाम में बड़ी मात्रा में बांस-बल्ली रखी हुई थी। आग की लपटें
वहां तक पहुंच गईं, जिससे आग और तेजी से फैल गई। दोनों स्थानों पर भारी नुकसान हुआ
है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। पुलिस और फायर
विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
सूचना
मिलने पर विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन भी मौके पर पहुंचे और दमकल कर्मियों
के साथ राहत कार्य का जायजा लिया। उन्होंने फैक्ट्री संचालक के परिवार को हरसंभव मदद
का आश्वासन दिया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन लाखों रुपये
के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना