सोनीपत: सोमनाथ स्वाभिमान और सनातन संस्कृति के अमर प्रतीक: कार्तिकेय शर्मा
सोनीपत, 11 मई (हि.स.)। सोनीपत
में शंभू दयाल शिक्षा सदन स्थित शिव मंदिर में सोमवार को सोमनाथ सद्भावना पर्व श्रद्धा
और भक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा मुख्य अतिथि
रहे। पूरे परिसर में हर-हर महादेव और जय सोमनाथ के जयघोष गूंजते रहे और वातावरण भक्तिमय
बना रहा।
कार्यक्रम
की शुरुआत में सांसद शर्मा ने सोमनाथ सद्भावना प्रदर्शनी का अवलोकन किया और भगवान शिव
की पूजा कर प्रदेश व देश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद कलश यात्रा को रवाना किया
गया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
शहर का माहौल शिव भक्तिमय हो गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भगवान
शिव, भारतीय संस्कृति और परंपराओं पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। उपस्थित लोगों ने बच्चों
की प्रस्तुतियों की सराहना की। अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि सोमनाथ मंदिर देश के
स्वाभिमान और आस्था सनातन संस्कृति का अमर प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इतिहास में
कई आक्रांताओं ने मंदिर को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन आस्था को कभी खत्म नहीं कर सके।
सोमनाथ हर बार पहले से अधिक भव्य रूप में खड़ा हुआ।
कार्यक्रम
के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मुख्यमंत्री का संदेश दिखाया गया। कार्यक्रम के अंत में ड्रॉइंग और रंगोली प्रतियोगिता
में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। सांसद ने विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित
किया। एसएमडीए की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी वीना हुड्डा, शुगर मिल सोनीपत की
प्रबंध निदेशक डॉ अनमोल, डीआईपीआरओ राकेश गौतम, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, प्रधान
प्रदीप सिंह गौतम, कोषाध्यक्ष सतपाल जैन, महासचिव राजकुमार चौहान, वरिष्ठ सदस्य अशोक
शर्मा, प्राचार्य सौरभ शर्मा, प्रवीण वर्मा, मोहन सिंह मनोचा, पूर्व प्राचार्य जगदीश
चंद्र शर्मा और रविन्द्र सरोहा सहित कई लोग मौजूद रहे। अंत में सभी ने जय सोमनाथ और
हर-हर महादेव के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना