सिरसा: सोमनाथ मंदिर केवल एक मंदिर नहीं, भारत की आत्मा: गंगवा

 




सिरसा, 11 मई (हि.स.)। हरियाणा के जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि सोमनाथ मंदिर केवल एक मंदिर नहीं है, बल्कि यह भारत की आत्मा, एकता और अदम्य साहस का प्रतीक है। आक्रमणकारियों द्वारा मंदिर कई बार खंडित किया गया, लेकिन हर बार यह मंदिर और अधिक शक्ति, विश्वास और संकल्प के साथ पुन: खड़ा हुआ। सोमनाथ मंदिर की सबसे बड़ी प्रेरणा यही है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी विश्वास और आस्था के बल पर पुनर्निर्माण एवं पुनर्जागरण निश्चित है। मंत्री गंगवा सोमवार को सिरसा में सोमनाथ सद्भावना पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा द्वारा सोमनाथ मंदिर के इतिहास व पुननिर्माण पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

उन्होंने शिव मंदिर में जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने नेहरू पार्क से मंदिर परिसर तक भव्य कलश यात्रा निकाली। कैबिनेट मंत्री गंगवा ने कहा कि आज पूरा देश सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मना रहा है। यह भारतीय सांस्कृतिक चेतना, ऐतिहासिक गौरव और राष्ट्रीय स्वाभिमान का गौरवपूर्ण क्षण है। गंगवा ने कहा कि सोमनाथ मंदिर हमें यह सीख देता है कि कितनी भी चुनौतियां आएं, हमें साहस के साथ उनका सामना करना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब से देश के प्रधानमंत्री बने हैं, तब से देश ने हर चुनौती का डटकर सामना किया है। आज हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम अपनी संस्कृति, धर्म, राष्ट्र और स्वाभिमान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma