गोहाना में अनाथ-वृद्ध आश्रम का लोकार्पण, मंत्री अरविंद शर्मा ने दिए 21 लाख रुपये
-गोहाना की मिट्टी सेवा भावना से समाज उत्थान का जज्बा देती है : डॉ अरविंद शर्मा
सोनीपत, 05 अप्रैल (हि.स.)। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने रविवार को गोहाना में जनसेवा संस्थान द्वारा स्थापित अनाथ आश्रम और वृद्ध आश्रम का लोकार्पण किया तथा संस्थान के विकास के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा की।
इस अवसर पर अरविंद शर्मा ने कहा कि गोहाना की मिट्टी
सेवा भावना से समाज उत्थान का जज्बा देती है। समाज उत्थान में सभी को मिलकर योगदान
देना है। जनसेवा संस्थान के संचालक परमानंद महाराज के मार्गदर्शन में बुजुर्गों और
निराश्रितों की सेवा के लिए प्रदेश का नौवां संस्थान गोहाना में शुरू हुआ है, जिससे
क्षेत्र के लोगों को सेवा कार्यों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। प्रत्येक नागरिक की भलाई
को अपना दायित्व मानना ही विकसित समाज की पहचान है।
मंत्री ने कहा कि संतों और
समाजसेवियों की उपस्थिति में संस्थान के नौवें परिसर की स्थापना समाज के लिए प्रेरणादायी
है। गोहाना लंबे समय से सेवा कार्यों में अग्रणी रहा है और संस्थान के संचालक का इस
क्षेत्र से जुड़ाव इस प्रयास को और मजबूत बनाता है। दशकों की मेहनत और सकारात्मक सोच
के कारण बुजुर्गों और निराश्रितों की सेवा की भावना व्यापक स्तर पर फैल रही है।
उन्होंने
कहा कि सामाजिक व्यवस्था में हर व्यक्ति का दायित्व है कि जरूरतमंदों को उनके अधिकार
मिलें और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। जरूरतमंदों की सेवा समाज में विश्वास
और संवेदना को मजबूत करती है।
कार्यक्रम
में परमानंद महाराज, स्वामी कर्णपुरी, कमल पुरी, मदन गोसाईं, मुकुंद हरि, जितेन्द्रानंद,
रामधारी जिंदल, कपूर चंद अग्रवाल, श्याम लाल वशिष्ठ, सुनील मेहता, संजय मेहंदीरत्ता,
सुरेन्द्र गर्ग, संजीव सिंगला, हरिओम मित्तल, भीम गोयल, राजेन्द्र गिरधर, नरेश गर्ग,
परीक्षित कत्याल, प्रदीप, शिवकुमार जिंदल और संजय गोयल आदि नागरिक मौजूद रहे।
-
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना