नशे के विरूद्ध समाज और पुलिस मिलकर लड़ेंगे लड़ाई : नायब सैनी
-नशा मुक्त हरियाणा के लिए सरकार का नया रोडमैप, सामुदायिक पुलिसिंग पर रहेगा जोर
चंडीगढ़, 11 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा है कि हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के लिए सरकार अब केवल पुलिस कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाया जाएगा। नशा कानून-व्यवस्था का नहीं, बल्कि समाज, परिवार, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण का विषय है। उन्होंने 'हरियाणा उदय' अभियान के तहत सामुदायिक पुलिसिंग, स्वयंसेवी संगठनों, केमिस्ट एसोसिएशनों और आम नागरिकों को साथ जोड़कर नशे के खिलाफ जन-आंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित हरियाणा और विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब प्रदेश का युवा नशे की गिरफ्त से पूरी तरह मुक्त होगा।
मुख्यमंत्री शनिवार को पंचकूला में 'हरियाणा उदय' अभियान के तहत 'नशा मुक्त हरियाणा के लिए एनजीओ एवं केमिस्ट एसोसिएशनों के साथ संवाद' कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आए सभी लोगों को नशा विरुद्ध शपथ भी दिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा मुक्त हरियाणा का यह संकल्प केवल वर्तमान की आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य तय करने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति, संस्था, सामाजिक संगठन, केमिस्ट, पुलिस अधिकारी अथवा नागरिक इस अभियान में सहयोग कर रहा है, वह भविष्य के सुरक्षित, स्वस्थ और सशक्त हरियाणा के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का यह संवाद केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि उस संकल्प का उद्घोष है, जो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य तय करेगा। यह ऐसे हरियाणा के निर्माण का अभियान है, जहां युवाओं की आँखों में राष्ट्र निर्माण का सपना होगा। उन्होंने इस अभियान से जुड़े सभी स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, केमिस्ट समुदाय, पुलिस अधिकारियों तथा जागरूक नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश को नशा मुक्त बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा ऐसी सामाजिक बुराई है, जो व्यक्ति को पतन की ओर ले जाती है। यह केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, परिवार, संस्कार और सामाजिक मूल्यों को भी तोड़ देता है तथा अंततः राष्ट्र की ऊर्जा को कमजोर करता है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और हरियाणा देश की सबसे ऊर्जावान भूमि है। प्रदेश के युवाओं ने खेल, शिक्षा, विज्ञान, उद्योग तथा अनेक क्षेत्रों में देश और दुनिया में हरियाणा का नाम रोशन किया है। ऐसे में यदि यही युवा नशे की गिरफ्त में चला जाए तो यह केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की हार होगी।
सीएम ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का जीवन बर्बाद नहीं करता, बल्कि एक मां की मुस्कान, पिता का सहारा, बहन की सुरक्षा, पत्नी का विश्वास और बच्चों का भविष्य भी छीन लेता है। इसलिए सरकार का लक्ष्य केवल नशा बेचने वालों को पकड़ना नहीं, बल्कि नशे की मांग को भी समाप्त करना है। इसी दिशा में नशे के कारोबार में लिप्त लोगों की संपत्ति सीज की गई है तथा उनकी अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाकर कड़ी कार्रवाई भी की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा