हिसार : व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक व सामाजिक रूप से कमजोर करता नशा : डॉ. सोनल बिश्नोई
हिसार, 20 नवंबर (हि.स.)। राजकीय महाविद्यालय मंगाली में नशा मुक्ति जागरूकता
अभियान के तहत स्लोगन लेखन एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महाविद्यालय
की प्राचार्या डॉ. अंजू चौधरी के निर्देशन में एंटी ड्रग अवेयरनेस सेल की कोऑर्डिनेटर
डॉ. किरण भुक्कल की देखरेख में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक
भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों
को उजागर करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में दीपिका ने प्रथम, राहुल ने द्वितीय तथा प्रिया
ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में खुशबू प्रथम, दिव्या
द्वितीय और दीक्षा तृतीय स्थान पर रहीं।
इस अवसर पर महाविद्यालय की वाइस प्रिंसिपल डॉ. सोनल बिश्नोई, डॉ. मामन सिंह,
डॉ. सरिता, डॉ. कुमारी सरोज, सीमा, सरिता, सविता, अजय, डॉ. सुदेश, विजेता एवं ज्योति
सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। डॉ. सोनल बिश्नोई, डॉ. किरण भुक्कल व डॉ. मामन सिंह
ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना
की। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने के
साथ परिवार, मित्रों और समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
वाइस प्रिंसिपल डॉ. सोनल बिश्नोई ने कहा कि नशा समाज के लिए घातक है। नशा व्यक्ति को
शारीरिक, मानसिक व सामाजिक रूप से कमजोर करता है। ऐसे में किसी भी तरह के नशे से दूर
रहना चाहिए और दूसरों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर