हिसार : एचएयू में खुला आधुनिक ‘एन-जेन’ डाकघर, युवाओं को मिलेंगी स्मार्ट सुविधाएं
डिजिटल क्रांति की ओर कदम
हिसार, 24 जून (हि.स.)। डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण और युवा पीढ़ी को पारंपरिक
व डिजिटल बैंकिंग व डाक सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से हरियाणा डाक परिमंडल ने एक
बड़ा कदम उठाया है। यहां के हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय परिसर में ‘एन-जेन’ (नेक्स्ट-जनरेशन) थीम
पर आधारित एक बेहद अत्याधुनिक और नवीनीकृत डाकघर की शुरुआत की गई है। इस अनूठी पहल
का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बलदेव राज कम्बोज ने बुधवार काे मुख्य अतिथि के रूप
में किया, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर हरियाणा परिमंडल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल सचिन
किशोर मौजूद रहे। यह नया डाकघर 'छात्रों की, छात्रों द्वारा और छात्रों के लिए' की
प्रेरणादायी अवधारणा को साकार करता है, जिसका मूल उद्देश्य शैक्षणिक परिसरों में डाक
सेवाओं को युवा-केंद्रित और अधिक आकर्षक बनाना है।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. बलदेव राज कम्बोज ने कहा कि यह नवनिर्मित डाकघर केवल
सेवाओं के लेन-देन का केंद्र नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के लिए संवाद, नवाचार
और रचनात्मकता का एक नया मंच बनकर उभरा है। इस परिसर की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसे
विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी कलात्मकता से सजाया है, जहां उनके द्वारा
बनाई गई खूबसूरत कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं। आधुनिक साज-सज्जा से लैस इस डाकघर
में युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए हाई-स्पीड वाई-फाई की सुविधा और पढ़ाई
के लिए ज्ञानवर्धक पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही, यहां आधार कार्ड अपडेट
जैसी महत्वपूर्ण नागरिक सेवाएं भी एक ही छत के नीचे मिलेंगी। प्रो. कम्बोज ने बताया
कि यह नवाचार संचार मंत्रालय और डाक विभाग की उस राष्ट्रीय पहल का हिस्सा है, जिसके
तहत देशभर के बड़े शैक्षणिक संस्थानों में स्थित डाकघरों का कायाकल्प किया जा रहा है।
समारोह में तकनीकी सुविधाओं की जानकारी देते हुए चीफ पोस्टमास्टर जनरल सचिन
किशोर ने कहा कि यह आधुनिक डाकघर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ आसपास
के क्षेत्र के नागरिकों के लिए भी बेहद लाभकारी सिद्ध होगा। डिजिटल युग की मांग को
देखते हुए यहाँ क्यूआर कोड आधारित स्पीड पोस्ट और पार्सल बुकिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं
शुरू की गई हैं। इतना ही नहीं, छात्र-छात्राओं को डाक सेवाओं के प्रति प्रोत्साहित
करने के लिए स्पीड पोस्ट बुकिंग पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी जा रही है। उन्होंने
विश्वास जताया कि यह कदम नई पीढ़ी को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने में मील का पत्थर साबित
होगा।
हिसार डाक मंडल के अधीक्षक अनिल कुमार रोज ने बताया कि डाक विभाग आम जनता में
बचत और सामाजिक सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने के लिए सुकन्या समृद्धि योजना, पीपीएफ,
डाक जीवन बीमा, राष्ट्रीय बचत पत्र और किसान विकास पत्र जैसी कल्याणकारी योजनाएं भी
पूरी सक्रियता से संचालित कर रहा है। डाकघर के इस भव्य और आधुनिक मेकओवर में अपनी रचनात्मकता
का योगदान देने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को कुलपति ने सम्मानित भी किया। सम्मानित
होने वाले होनहार विद्यार्थियों में कोमल, यामू पूनिया, सोनिया, संध्या, अनिमेष, युवराज,
मनीषा, रेणू, साक्षी, सुप्रिया, महक और अदिती शामिल रहीं। इस उद्घाटन समारोह के दौरान
डाक विभाग के सहायक अधीक्षक दीपक कुमार, राम विलास अग्रवाल, केके रोहिला सहित विश्वविद्यालय
के अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग, विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. नरेश कौशिक, मानव संसाधन
प्रबंधन निदेशक डॉ. रमेश यादव और कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. रमेश गोयल सहित
कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर