यमुनानगर में 31 ग्राम स्मैक बरामद, नशा तस्करी के आरोप में युवक गिरफ्तार

 


यमुनानगर, 27 सितंबर (हि.स.) यमुनानगर पुलिस के एंटी नारकोटिक सेल ने नशे की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुराना हमीदा क्षेत्र से 31 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया है।

एंटी नारकोटिक सेल के प्रभारी अनिल कुमार के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि पुराना हमीदा की वाल्मीकि बस्ती के आसपास एक युवक नशीला पदार्थ बेचने के लिए घूम रहा है। सूचना के आधार पर एएसआई जसबीर सिंह के नेतृत्व में कर्मवीर, अमित, सिपाही अमित, अंकित और मोनू को शामिल कर टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने सूचना वाले स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को काबू किया। तलाशी की कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराई गई। पुलिस के मुताबिक, युवक के कब्जे से 31 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

आरोपी की पहचान पुराना हमीदा निवासी असलम के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। अदालत से रिमांड मिलने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हेरोइन उसे कहां से मिली और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के लंबे समय से नशे की तस्करी में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की विस्तृत जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार