डीसीआरयूएसटी के छह विद्यार्थियों का प्रतिष्ठित कंपनी में चयन
सोनीपत, 21 मई (हि.स.)। दीनबंधु
छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल के रसायन विज्ञान विभाग के
छह विद्यार्थियों का देश की प्रतिष्ठित एग्रो-केमिकल कंपनी में चयन हुआ है। इस उपलब्धि
से विश्वविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है।
चयनित विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के
दौरान 16 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। इंटर्नशिप पूरी होने के बाद विद्यार्थियों
को छह लाख से साढ़े सात लाख रुपये वार्षिक वेतन पैकेज मिलने की संभावना है।
सभी चयनित
विद्यार्थी एमएससी रसायन विज्ञान विभाग से जुड़े हैं।
विश्वविद्यालय
के कुलगुरु प्रो. प्रकाश सिंह ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय
केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को उद्योग जगत की
जरूरतों के अनुसार तैयार करने पर भी विशेष ध्यान देता है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय
का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार और जांच
के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है। उन्होंने इस सफलता को उद्योग
और शिक्षण संस्थान के बेहतर तालमेल तथा शिक्षकों की मेहनत का परिणाम बताया।
कुलगुरु
ने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार ऐसे प्रयास कर रहा है, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई
के दौरान ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में बेहतर अवसर मिल सकें।
उन्होंने
विश्वास जताया कि चयनित विद्यार्थी अपने कार्य से विश्वविद्यालय का नाम देश-विदेश में
रोशन करेंगे। रसायन विज्ञान विभाग अपनी आधुनिक शिक्षण पद्धति, व्यवहारिक अध्ययन और
उद्योग आधारित पाठ्यक्रम के लिए जाना जाता है। विभाग में विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक
अध्ययन और आधुनिक तकनीकों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाता है।
यही वजह है कि विभाग
के विद्यार्थी लगातार प्रतिष्ठित कंपनियों में चयनित हो रहे हैं। चयनित विद्यार्थियों
में साहिल, रजत, पारुल, ईशा, वर्षा और अभिषेक शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने
उम्मीद जताई कि ये विद्यार्थी उद्योग जगत में बेहतर प्रदर्शन कर परिवार, विश्वविद्यालय
और प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना